Santosh Kumar Yadav / Wed, Nov 11, 2026 / Post views : 368
लखनऊ। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नागरिक 30 नवंबर 2026 तक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे।
स्वगणना के लिए नागरिकों को भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां उत्तर प्रदेश का चयन कर आवश्यक जानकारी, मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के सदस्यों का विवरण और जनगणना के दूसरे चरण में पूछे गए 40 सवालों के जवाब दर्ज करने होंगे। साथ ही डिजिटल मानचित्र पर अपने निवास स्थान की लोकेशन चिह्नित करनी होगी।
जानकारी सफलतापूर्वक सबमिट होने के बाद परिवार को एक विशिष्ट 11 अंकों की सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तो परिवार को यह आईडी दिखानी होगी। इसके आधार पर ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
गौरतलब है कि स्वगणना की सुविधा इस बार नागरिकों को अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन जानकारी भरने का अतिरिक्त विकल्प प्रदान कर रही है। हालांकि, जनगणना कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर गणना की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
स्वगणना: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026
घर-घर जनसंख्या गणना: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
आधिकारिक पोर्टल: https://se.census.gov.in
नागरिकों से अपील है कि जानकारी भरते समय सावधानी बरतें और अंतिम सबमिशन से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें।
विज्ञापन
विज्ञापन