Santosh Kumar Yadav / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 285
अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सात नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव से पहले ही पूरी रामनगरी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी है। सरयू तट से लेकर धर्मपथ और शहर के प्रमुख मार्गों तक आकर्षक विद्युत सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है।
सरयू नदी के तट पर जगमगाती रंग-बिरंगी लाइटें और जलधारा का मनमोहक दृश्य रामनगरी की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। रात के समय सरयू तट का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है। रोशनी से सजी अयोध्या को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो त्रेतायुग की नगरी एक बार फिर जीवंत हो उठी हो।
दीपोत्सव के मद्देनजर धर्मपथ को भी आकर्षक विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सड़क के दोनों ओर की गई सजावट रामनगरी की भव्यता को और बढ़ा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर सरयू तट तक उत्सव का माहौल दिखाई देने लगा है।
सात नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए रामनगरी तैयार हो रही है। दीपोत्सव से पहले ही शहर की साज-सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
रामनगरी में दीपोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। सरयू तट की जगमगाहट, धर्मपथ की आकर्षक सजावट और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की छटा अयोध्या को उत्सव के रंग में रंगती नजर आ रही है।

डिजिटल डेस्क | UPहलचल NEWS LIVE
विज्ञापन
विज्ञापन